सरगुजा जिले के सीतापुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सरगा में बीती रात जंगली हाथी ने 28 वर्षीय युवक को पटक-पटक कर मार डाला। घटना रात 12 से 1 बजे के बीच की है। युवक का शव सुबह लोगों ने देखा तो इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस को दी गई। जंगली हाथी के क्षेत्र में डटे रहने से ग्रामीणों में दहशत है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गेरसा निवासी राजेश बीती शाम अपने गांव से सरगा गया हुआ था। देर रात करीब 12 बजे वह पैदल ही अपने घर गेरसा की ओर आ रहा था। गांव से बाहर करीब 500 मीटर की दूरी पर पहुंचते ही उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। जंगली हाथी ने उसे सूंड़ से पकड़ लिया और पटक-पटक कर मार डाला। इसके बाद हाथी साजापानी के जंगल की ओर चला गया।
ग्रामीणों ने सुबह राजेश का शव रास्ते में पड़ा हुआ देखा और इसकी जानकारी वन विभाग के कर्मियों और सीतापुर पुलिस को दी गई। सीतापुर पुलिस और वन विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त हाथी दल से अलग होकर नवापारा के जंगल की ओर से आया था और जशपुर के जंगल की ओर जा रहा था। आशंका है कि रात के अंधेरे में मृतक राजेश हाथी को देख नहीं पाया और हाथी के पास पहुंच गया। जिसके बाद हाथी ने उसे पटक-पटक कर मार डाला। राजेश के साथियों ने बताया कि उसने शराब पी रखी थी। घटना के बाद हाथी जसपुर जिले के साजापानी के जंगलों में चला गया है।