15 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप गांव की महिला उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर लगा है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस पर शिकायत दर्ज करने में छह घंटे की देरी का आरोप लगाया है।
सरगुजा जिले के अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भफौली में 15 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गांव की महिला उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल पर यह गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस पर शिकायत दर्ज करने में छह घंटे की देरी का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली बालिका उपसरपंच के घर घरेलू काम करने जाती थी। आरोप है कि बीती 20 जुलाई को तरुण जायसवाल के घर बालिका काम करने गई थी। वह देर रात 12 बजे वापस लौटी। पीड़िता ने बताया कि तरुण जायसवाल ने उसे पहले अश्लील वीडियो दिखाया। इसके बाद उसने बलपूर्वक अनाचार किया। घटना के बाद ग्रामीणों के एकजुट होने पर सरपंच जगजीवन पैंकरा को जानकारी दी गई। तरुण जायसवाल ने एयरगन निकालकर शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी। उसने आठ लाख रुपये में समझौता करने का दबाव भी बनाया।
धमकी के कारण परिजन दो दिनों तक सहमे रहे। बुधवार, 21 जुलाई को वे सरपंच जगजीवन पैंकरा के साथ कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें करीब छह घंटे तक पूछताछ के नाम पर बैठाए रखा। विरोध के बाद पुलिस ने अंततः मामला दर्ज किया। प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस पर मामले को लटकाने का प्रयास करने का आरोप है।
विज्ञापन
पीड़िता ने बताया कि वह महिला उपसरपंच के घर झाड़ू-पोछा का काम करती थी। उपसरपंच के पति तरुण जायसवाल ने इसी का फायदा उठाया। वह किशोरी को स्कूल से भी काम करने के बहाने घर ले जाता था। शिक्षकों के मना करने के बावजूद वह ऐसा करता था। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने गुरुवार, 22 जुलाई 2026 को अंबिकापुर के चोपड़ापारा इलाके से हिरासत में ले लिया है।