फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलरामपुर: निजी अस्पतालों पर प्रशासन की सख्ती, कई संस्थानों में मिलीं गंभीर खामियां; मौके पर कार्रवाई

Thu, 05 Nov 2026 07:13 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बलरामपुर

सार

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में निजी अस्पतालों और क्लीनिकों की जांच के लिए स्वास्थ्य, औषधि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। वाड्रफनगर और रामानुजगंज क्षेत्र के महावीरगंज में हुई जांच के दौरान कई संस्थानों में गंभीर कमियां मिलीं। टीम ने नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की।
विज्ञापन
निजी अस्पतालों व क्लिनिक संस्थानों पर कार्यवाही करते हुए संयुक्त टीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बलरामपुर जिले में मरीजों की सुरक्षा और निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। स्वास्थ्य, औषधि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वाड्रफनगर और रामानुजगंज क्षेत्र के महावीरगंज में कई निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पंजीयन, चिकित्सकीय दस्तावेज, आपातकालीन सुविधाओं से लेकर अग्निशमन सुरक्षा और दवाओं के रख-रखाव तक की पड़ताल की गई। कई संस्थानों में गंभीर खामियां मिलने पर मौके पर ही कार्रवाई की गई।
विज्ञापन


पंजीयन से लेकर अग्निशमन व्यवस्था तक की जांच
संयुक्त जिला स्तरीय टीम ने नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के तहत निजी स्वास्थ्य संस्थानों के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान अस्पतालों के वैध पंजीयन, जरूरी चिकित्सकीय रिकॉर्ड और आपातकालीन व्यवस्था का जायजा लिया गया।

टीम ने अग्निशमन सुरक्षा मानकों और दवाइयों के रख-रखाव की व्यवस्था भी परखी। निरीक्षण में कई संस्थानों में गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ मौके पर ही नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।
विज्ञापन


मरीजों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा: सीएमएमओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी निजी अस्पतालों और क्लीनिकों को शासन के निर्धारित मानकों तथा नर्सिंग होम एक्ट का पूरी तरह पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा, उचित उपचार और दवाओं की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संयुक्त जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

लापरवाही या अवैध वसूली हो तो स्वास्थ्य विभाग में करें शिकायत
सीएमएमओ ने आम लोगों से भी अपील की है कि निजी अस्पताल या क्लीनिक में उपचार के दौरान लापरवाही, अवैध वसूली अथवा किसी अन्य तरह की अनियमितता सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दें।
उन्होंने मरीजों के परिजनों से सीधे शिकायत दर्ज कराने को कहा है, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का उद्देश्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और मरीजों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें