पूर्व विधायक अंबिका की प्रेस वार्ता
वहीं कांग्रेस ने भी महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन अंबिकापुर में बैकुंठपुर की पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव ने प्रेसवार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग की। अंबिका सिंहदेव ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक सितंबर 2023 में कांग्रेस के सहयोग से पारित हुआ था, किंतु अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नई जनगणना और परिसीमन के बाद वर्ष 2034 में इसे लागू करने की बात कही गई, जिसका कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार यह मांग कर रही है कि लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों में से 33 प्रतिशत, अर्थात 181 सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कर महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे को परिसीमन से जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
अंबिका सिंहदेव ने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की दिशा में कांग्रेस ने ही कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें पंचायत एवं नगरीय निकायों में आरक्षण की व्यवस्था भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो बिना विलंब किए मौजूदा व्यवस्था में ही महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।
महिला सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि सरगुजा सहित प्रदेश में महिला अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंबिकापुर में हाल में हुई एक महिला की हत्या के बाद भी कानून-व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की कमी, पुलिस गश्त का अभाव और नशे के कारोबार पर नियंत्रण न होना महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही महिला अपराधों के विरोध में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में आमजन से भागीदारी की अपील भी की गई।