सरगुजा पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।
सरगुजा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने गुरुवार को व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों, मुसाफिरों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने किराये के मकानों, कॉलोनियों, बस्तियों, होटल-ढाबों, पान-ठेलों, गुमटियों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर कर्मचारियों और निवासरत लोगों के पहचान पत्रों एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की। बस एवं ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत चालक, परिचालक और क्लीनरों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराकर उनकी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान जिलेभर में करीब 125 मकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें लगभग 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। स्थानीय लोगों से भी अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय पर पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने होटल एवं ढाबा संचालकों को निर्देशित किया है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई दे या उसका व्यवहार संदिग्ध लगे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अप्रवासी या अवैध रूप से रह रहे व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 अथवा डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।