छत्तीसगढ़ में महासमुंद लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी में हैं।
उन्होंने लोकसभा चुनावों में मतगणना के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
अजीत जोगी ने इसके लिए पेपर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वे जल्द ही बिलासपुर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर करने जा रहे हैं।
मतों की गिनती की सभी चरण में कांग्रेस प्रत्याशी अजीत जोगी अपने निकटतम भाजपा प्रत्याशी चंदूलाल साहू से आगे रहे। हर चरण में यह आंकड़ा कम होता गया, लेकिन आखिरी चरण की गिनती में जोगी पीछे हो गए और साहू ने करीब 1217 वोटों के चुनाव जीत गए।
इस पर अजीत जोगी ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से भी शिकायत की है। अजीत जोगी ने इस मामले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया है।
जोगी के करीबियों के मुताबिक इस संबंध में वे दिल्ली में वकीलों से चर्चा कर रहे हैं और जल्द ही याचिका दायर करेंगे। याचिका दायर करने में 25 दिन दिन का समय लगता है इस बीच अजीत जोगी इस प्रक्रिया से जुड़े सारे काम पूरे कर रहे हैं।