छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के घिवरा गांव में एक ही परिवार की दो महिलाओं को टोनही बताकर कुछ दबंगों ने उनकी नाक में रॉड डाल दी।
इतना ही नहीं, महिलाओं के परिजनों को भी लाठी-डंडे व लात-घुसों से जमकर पीटा गया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों पर टोनही प्रताड़ना के बजाय केवल मारपीट व बलवा का अपराध दर्ज किया है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं की गई है।
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना के घिवरा निवासी अमृतलाल केंवट गांव के कुछ दबंगों के जुल्म की शिकायत पहले भी पुलिस में कर चुका था।
रविवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की कि कुछ दिन पहले गांव के जगत केंवट, साधुराम, मालिकराम, महावीर, संतोष, पुनीराम, मनोज एवं माल केंवट उसके घर मे जबरिया घुसे।
उन्होंने मां इतवाराबाई व पत्नी सावित्रीबाई से गाली-गलौज की और उन दोनों की नाक में रॉड भी घुसेड़ दी।
अमृतलाल ने अपनी शिकायत में बताया है कि दबंगों ने ऎसा एक तांत्रिक के कहने पर किया। तांत्रिक ने दावा किया था कि दोनों महिलाएं टोनही हैं और इसी की वजह से गांव में अशांति है।