भाटापारा जिले में बीते कुछ दिनों से मानसून की तेज सक्रियता के चलते मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखते हुए संबंधित अधिकारियों को चौकसी बरतने और राहत कार्यों के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने शिवनाथ नदी स्थित सेमरिया घाट पुल, महानदी के अमेठी घाट सहित अन्य बाढ़ संभावित पुलों पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और प्रशासनिक टीमें मौके पर तैनात की गई हैं। साथ ही निचले इलाकों और नदी तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सचेत किया जा रहा है।
प्रशासन का अलर्ट मोड
सभी तहसीलदारों व एसडीएम को फील्ड में रहकर स्थिति की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्र या पुल पार न करें, सतर्क रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 24x7 आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।
प्रमुख हेल्पलाइन नंबर
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष- 07727-222454
नोडल अधिकारी (संयुक्त कलेक्टर मिथलेश डोण्डे)- 94255-23514
सहायक नोडल अधिकारी (सुरेश देवांगन)- 78697-77184
पुलिस नियंत्रण कक्ष- 94791-90629
जिला अस्पताल नियंत्रण कक्ष- 81099-57485
जिला नगर सेना अधिकारी- 72229-20390
प्रभावित क्षेत्र
कसडोल विकासखंड- तरेंगी नाला
पलारी- अमेठी घाट
भाटापारा- सेमरिया घाट
सिमगा- तरपोंगा व कुलीपोटा पुलिया
इन सभी स्थानों पर प्रशासन ने एहतियातन बैरिकेटिंग कर दी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी कर ली गई है। अभी तक जिले में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी घटना की सूचना नहीं है, लेकिन सभी विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। नागरिकों से आग्रह है कि प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता नंबरों पर संपर्क करें।