25 किलोमीटर पीछा कर ट्रक को रोका गया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में लगभग 750 बोरी अवैध धान लदी थी, जिसे बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जाया जा रहा था। मध्यरात्रि बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के निर्देशन में तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार और पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई।
सघन सर्च अभियान से मिली सफलता
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रात में ही सघन सर्च अभियान चलाया। करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में विभिन्न मार्गों और गांवों में गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद पेंडारी क्षेत्र में अवैध धान से लदा ट्रक पकड़ लिया गया। इस ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए वाड्रफनगर थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए निगरानी बढ़ी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। बैरियरों पर नियमित जांच की जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत देने की अपील की है, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।