नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में बुधवार शाम डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव आखिरकार करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात पानी की सतह पर शव दिखाई देने के बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला।
नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में बुधवार शाम डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव आखिरकार करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात पानी की सतह पर शव दिखाई देने के बाद रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों का कई दिनों से चला आ रहा इंतजार खत्म हुआ।
विज्ञापन
आदिल की तलाश के लिए बुधवार से ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार अभियान चला रही थीं। ब्लू वॉटर की गहराई और पानी के भीतर शव के चले जाने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिन-रात तलाश के बावजूद शुरुआती तीन दिनों में टीम को सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली थी। रेस्क्यू टीमों ने पानी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की। परिजनों की नजरें लगातार घटनास्थल पर टिकी थीं और उन्हें उम्मीद थी कि जल्द ही आदिल का पता चल जाएगा। शनिवार रात अचानक शव पानी की सतह पर नजर आया, जिसके बाद टीम ने तत्काल उसे बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने गया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुंचने को लेकर शर्त लग गई। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। बताया गया कि कुछ दूरी तक तैरने के बाद आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में समा गया, जबकि उसका दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।
इस घटना ने एक बार फिर गहरे और अनजान जलस्रोतों में बिना सुरक्षा उपायों के तैरने के खतरे को सामने ला दिया है। स्थानीय स्तर पर ऐसे स्थानों पर चेतावनी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।