घरघोड़ा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए पैसे वापस मांगने के बहाने घर बुलाकर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया है।
घरघोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए वार्ड नंबर-2 में रहने वाले पीड़ित रघुनाथ हलवाई ने बताया कि बीते दिन दोपहर एक बजे विजित सिंह राजपूत ने उसे फोन किया था, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद रघुनाथ ने विजित को फोन कर पूर्व में दिए गए 3,000 रुपये वापस मांगे, जिसके लिए उसने अपनी खराब स्थिति और हाल ही में हुए एक्सीडेंट का हवाला दिया। विजित ने उसे पैसे लेने के लिए अपने घर आने को कहा।
पीड़ित ने बताया कि दोपहर तीन बजे वह अपने दोस्त हुकेश्वर बहिदार के साथ विजित सिंह से पैसे लेने उसके गांव बहिरकेला पहुंचा। वहां अचानक विजित ने गाली-गलौज शुरू कर दी और घर के अंदर से चाकू निकालकर उसके पेट पर वार करने की कोशिश की। रघुनाथ ने हाथ से चाकू रोकने की कोशिश की, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन उसके अंगूठे में गहरी चोट लगी और पेट पर भी खरोंच आई।
घटना के बाद घरघोड़ा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी विजित सिंह के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 296, और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और तथ्यों के आधार पर धारा 109(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी विजित सिंह ठाकुर उर्फ गोलू (34 वर्ष, निवासी बहिरकेला) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू पुलिस के सामने पेश किया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया गया। पर्याप्त सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।