छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में पुलिस ने शासकीय कर्मचारियों को धमकी देने और मारपीट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर शिक्षा विभाग के दफ्तर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की थी। पुलिस ने आरोपी से धारदार हथियार भी जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, इंदिरा कॉलोनी मेन रोड स्थित जिला परियोजना समग्र शिक्षा कार्यालय में स्थानीय निवासी गौरव शुक्ला पहुंच गया। उसने वहां काम कर रहे शासकीय कर्मचारियों से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। जब कर्मचारियों ने मना किया तो आरोपी ने उनसे धक्का-मुक्की की।
इसके बाद आरोपी ने तलवार जैसा धारदार हथियार निकाल लिया और वहां लहराते हुए गालियां देने लगा। आरोपी ने कर्मचारियों को धमकी भी दी। काफी देर हंगामा चलता रहा। फिर आरोपी वहां से चला गया। कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।