ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से 50 करोड़ रुपये की फिरौती का खत भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक ये खत जेल के एक कैदी ने लिखा है।
बिलासपुर के एसपी आरिफ शेख ने बताया कि खत में कैदी पुष्पेंद्र नाथ चौहान (40) ने पटनायक से 50 करोड़ रुपये की मांग की है। लेकिन पत्र में क्या लिखा है इस बात को बताने से उन्होंने इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। खत पोस्ट के जरिए भेजा गया था। जो कि 25 अगस्त को ओडिशा पुलिस को मिला। जिसके बाद उन्होंने इस बात की जानकारी रविवार को बिलासपुर पुलिस को दी।
शेख ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही बिलापुर पुलिस ने इसपर तुरंत संज्ञान लिया। जिसके बाद जांच की गई और चौहान से पूछताछ हुई। वह छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से है और साल 2009 से डकैती और हत्या के केस में जेल में सजा काट रहा है। चौहान से पुलिस ने पूछताछ भी की और उसने बाद में कबूल कर लिया कि खत उसी ने लिखा है। उसने कहा कि उसका इरादा केवल लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना था।
ओडिशा पुलिस के जनरल डायरेक्टर ने बिलासपुर पुलिस को बताया कि मुख्यमंत्री के लिए धमकी भरा पत्र लिखा गया है। शेख ने प्राथमिक जांच के आधार पर बताया कि चौहान की मानसिक हालत ठीक नहीं है। मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और फिर ओडिशा पुलिस को उसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी। जो कि इस मामले में बाद में कार्रवाई करेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर ने कहा कि चौहान ने उन्हें बताया है कि उसे ऐसे पत्र लिखने की आदत है। इससे पहले उसने ओडिशा के जिला कलेक्टर को भी ऐसा ही एक खत भेजा था।