छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गोदावरी इस्पात कारखाना के पास स्थित ग्रीन पेट्रो फैक्टरी में टैंकर फटने से आग लग गई। जानकारी के अनुसार जब आग लगी तब फैक्टरी में कोई नहीं था, जिसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रायपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तारकेश्वर पटेल ने बताया कि जिले के धरसीवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र की एक इकाई ग्रीन पेट्रो में शुक्रवार शाम आग लग गई।
पटेल ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि शाम करीब छह बजे ग्रीन पेट्रो के एक टैंकर में आग लग गई जिसके बाद आग परिसर में फैल गई।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। 14 दमकल वाहनों को आग बुझाने के लिए लगाया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि ग्रीन पेट्रो कंपनी पेट्रोलियम पदार्थ एकत्र करने तथा अन्य इकाइयों को पेट्रोलियम पदार्थ मुहैया कराने वाली कंपनी है। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।