रायपुर/एजेंसी। राज्य सरकार अखबार बांटने वाले हॉकरों का बीमा करायेंगी तथा उन्हें अपने काम में सहूलियत के लिए नि.शुल्क साईकिल भी देंगी।
श्रम मंत्री चन्द्रशेखर साहू ने आज यहां बताया कि राज्य सरकार ने अखबार हॉकर सहित नौ अन्य व्यवसायों से जुडे असंगठित श्रमिकों को असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाते हुए इन्हें विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की है।
उन्होंने बताया कि नौ नये व्यवसायों से जुडे़ श्रमिकों को असंगठित श्रमिक के रूप में अधिसूचित किए जाने से अब 49 प्रकार के व्यवसाय करने वाले मजदूरों को योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा। श्री साहू ने बताया कि राज्य में निर्माण क्षेत्र के अलावा अन्य असंगठित क्षेत्रों में पचास लाख से अधिक मजदूर कार्यरत है। राज्य सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष में दो लाख 15 हजार असंगठित श्रमिकों का पंजीयन करके उन्हें परिचय पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है।