छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके बीजापुर से अपहृत मैनेजमेंट के तीनों छात्रों को सुकमा में छोड़ दिया गया। बस्तर जिले के आईजी पुलिस एसआरपी कल्लुरी के मुताबिक नक्सलियों ने इनका अपहरण किया था जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। नक्सलियों द्वारा छोड़े जाने के बाद ये छात्र चिंतलनार पुलिस स्टेशन पहुंचे।
बताया जा रहा है कि पुणे के एक मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ने वाले ये छात्र नक्सल प्रभावित इलाके में शांति का संदेश फैलाने के लिए साइकिल टूर पर निकले थे।
'भारत जोड़ो' अभियान के तहत उन्होंने ये साइकिल टूर शुरू किया। लेकिन जैसे ही ये छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पहुंचे इनका अपहरण कर लिया गया। बस्तर रेंज के आईजी पुलिस एसआरपी कल्लुरी ने बताया था कि छात्रों का अपहरण बीजापुर के जंगली इलाके बासागुडा में किया गया। हालांकि अब उनकी रिहाई की जानकारी बस्तर पुलिस की ओर से दी गई है।