छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में पैसे के विवाद को लेकर एक 16 वर्षीय लड़के ने अपने छोटे भाई की कथित तौर पर हत्या कर दी। इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात गांव निमोरा में हुई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार पीड़ित ने कथित तौर पर लापरवाही से पैसा खर्च किया और अपने भाई से अक्सर पैसे मांगता था। इस बात को लेकर मंगलवार को दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई थी।
उन्होंने बताया कि जब छोटा भाई सो रहा था तब बड़े भाई ने गुस्से में उसपर कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लड़के को पकड़ लिया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है।