कोरबा के दादर खुर्द में 126वीं जगन्नाथ रथ यात्रा धूमधाम से निकली, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शुभकामनाएं दीं।
कोरबा शहर के दादर खुर्द स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में 126वीं भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। हजारों श्रद्धालु इस पवित्र आयोजन का हिस्सा बने। सुबह पूजा-अर्चना और अभिषेक के बाद दोपहर में रथ यात्रा शुरू हुई, जिसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक रथ खींचा।
विज्ञापन
मंदिर के पुजारी ने बताया कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियां अगले 10 दिनों तक स्थानीय राम मंदिर में विराजेंगी, जहां प्रतिदिन उनकी पूजा-आरती होगी। इसके बाद मूर्तियों की मंदिर में वापसी होगी। थवाईत परिवार ने 12 दशक पहले इस रथ यात्रा की परंपरा शुरू की थी, जो आज भी भक्ति और श्रद्धा का प्रतीक है। सीतामणी राम मंदिर से भी रथ यात्रा निकाली गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री और पूर्व मंत्री रहे शामिल
रथ यात्रा में छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शामिल हुए। उनके साथ कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी रथ यात्रा में भाग लिया। मंच से पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं और कहा, 'भगवान जगन्नाथ कोरबा को लूटने वालों से रक्षा करें।' उनकी यह टिप्पणी उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी। वहीं, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने जिलेवासियों को रथ यात्रा की बधाई देते हुए कोरबा की सुख-समृद्धि की कामना की।