भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम का प्रचारित कर चंडीगढ़ में खोले गए जिम को आखिरकार सील कर दिया गया।
यह जिम खोलने वाली कंपनी स्पोर्ट्स फिट प्राइवेट लिमिटेड ने शुरू से आजतक किराया का भुगतान नहीं किया था, जो बढ़कर करीब एक करोड़ से ज्यादा हो गया था। किराया न मिलने पर एससीओ के मालिक ने अदालत की शरण ली थी।
अदालत के आदेश पर जिम को सील करके एससीओ मालिक को कब्जा दे दिया गया है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, महेंद्र सिंह धोनी जिम के ब्रांड अंबेसडर हैं।
कंपनी में धोनी के शेयर होने का था दावा
एडवोकेट अर्शदीप भुल्लर के मुताबिक, करीब एक साल पहले उक्त कंपनी एससीओ मालिक के बीच हुए करार के मुताबिक, एससीओ करीब नौ लाख रुपये किराए पर दिया गया था।
करार के मुताबिक, एससीओ का बेसमेंट, ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर किराए पर दिए गए थे। हालांकि करार चार साल का था, लेकिन जिम खोलने से लेकर आज तक किराए का एक भी पैसा नहीं दिया गया तो एससीओ मालिक ने कोर्ट में केस दायर कर दिया।
कोर्ट की ओर से जिम कंपनी को नोटिस भेजे जाने पर कोई भी अधिकारी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। इस पर कोर्ट ने एक्सपार्टी मानते हए एससीओ मालिक के पक्ष में फैसला दिया और कब्जा दिए जाने के आदेश जारी कर दिए।
एससीओ मालिक ने शोरूम में अपना कब्जा ले लिया है। एडवोकेट भुल्लर ने दावा किया कि जब करार हुआ था, तो उस दौरान दावा किया गया था कि कंपनी में धोनी के शेयर हैं।
करार होने के बाद नहीं लगाई थी मशीनें
बताया गया कि स्पोर्ट्स कंपनी ने करार के बाद एससीओ में कब्जा जमा लिया था, लेकिन न तो जिम की मशीनें लाए और न ही किराया दिया। अंदर का पूरा नक्शा बदल दिया गया। सीढ़ियां गायब कर दी गईं। अंदर काफी कंस्ट्रशन भी की गई थी। हालांकि, जिम रोजाना खुलता था और कर्मचारी भी मौजूद रहते थे।
कंपनी की वेबसाइट में धोनी का नाम
स्पोर्ट्स फिट प्राइवेट लिमिटेड की वेबसाइट पर महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर प्रचार किया गया है। धोनी को जिम का ब्रांड अंबेसडर बनाकर उसे प्रस्तुत किया गया है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि उसके गुड़गांव, लखनऊ और फरीदाबाद में भी जिम है, लेकिन चंडीगढ़ के बारे में कोई भी जिक्र नहीं किया गया है।
कोट
जब करार हुआ था तब बताया गया कि कंपनी में धोनी के शेयर हैं। कई बार नोटिस देने के बावजूद कंपनी ने किराया जमा नहीं कराया। आखिर में कोर्ट का सहारा लेकर एससीओ का पजेशन लिया।
अर्शदीप भुल्लर, एससीओ मालिक के एडवोकेट