जीरकपुर। बस स्टैंड के सामने 28/29 सितंबर की रात हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विजय उर्फ भरत सेक्टर-20 पंचकूला के रूप में हुई है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल और 8 एमएम के पांच कारतूस भी बरामद किए हैं। विजय की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक इस मामले में पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इस वारदात में गंभीर रूप से घायल गुरविंदर सिंह निवासी गांव नगला के सिर में अभी भी गोली फंसी हुई है। वह जिंदगी-मौत की जंग से लड़ रहा है। दीपक कुमार के बयान पर थाना जीरकपुर में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
मामले की शुरुआती जांच में सामने आया था कि दीपक कुमार की चाय की रेहड़ी पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। जीरकपुर, पंचकूला और जगतपुरा के रहने वाले कुछ युवकों ने तलवारों, गंडासियों और देसी पिस्टल से गुरविंदर और उसके साथियों पर जानलेवा हमला किया था। एएसपी जीरकपुर गजलप्रीत कौर के निर्देशन में अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस अब तक यूपी और बिहार के रहने वाले तीन आरोपियों मुकेश कुमार, शौकत अली उर्फ प्रिंस और शिवम दुबे को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इसी कड़ी में 9 दिसंबर को इस गोलीकांड के मुख्य आरोपी विजय उर्फ भरत को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
आरोपी को डेराबस्सी कोर्ट में पेश किया गया जहां आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है। आरोपी विजय की निशानदेही पर उसका साथी दीपक निवासी उन्नाव वर्तमान निवासी झुग्गियां सेक्टर-8बी इंडस्ट्रियल एरिया मोहाली को भी पुलिस ने दबोच लिया। वीरवार को अदालत में पेश कर दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि बाकी भागे आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।