झज्जर में जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव कोरम पूरा न होने के कारण गुरुवार तक टल दिया गया है। वहीं जींद में भी जिला परिषद का चुनाव स्थगित हो गया है। यहां अब पांच जनवरी को चुनाव होगा। जिला परिषद के सीईओ विनेश कुमार ने यह जानकारी दी है। झज्जर में बुधवार को लघु सचिवालय में सुबह 11 बजे से 12 बजे तक का समय चुनाव के लिए दिया गया था। उस समय तक केवल 9 पार्षद पहुंचे। 12 बजे हॉल का गेट बंद कर दिया गया।
12:03 बजे दो महिला पार्षद गीता देवी व ललीता वहां पहुंचीं लेकिन उन्हें 12:09 बजे प्रवेश मिला। इसके बाद भी कोरम पूरा नहीं हुआ तो बैठक को गुरुवार 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया। कोरम पूरा करने के लिए 18 में से 12 पार्षदों की मौजूदगी जरुरी है। पहले दिन कोरम पूरा करने के लिए एक तिहाई पार्षदों की उपस्थिति होनी चाहिए थी। दूसरे दिन बैठक बुलाने पर नियमानुसार 10 पार्षदों में ही कोरम पूरा हो जाएगा। फिलहाल उपाध्यक्ष पद के लिए मामला अटका हुआ है।
झज्जर ब्लॉक समिति के जयदीप अध्यक्ष और जगदीश धनखड़ उपाध्यक्ष निर्वाचित
ब्लॉक समिति झज्जर में कमल खिला है। भाजपा समर्थित जयदीप अध्यक्ष और जगदीश धनखड़ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। खास बात यह है कि ब्लॉक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को सर्वसम्मति से चुना गया है। नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने कहा कि झज्जर ब्लॉक में ओम प्रकाश धनखड़ की सोच के अनुरूप विकास की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे। इसके बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और पंचायत समिति सदस्य भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ से मिलने पहुंचे।
दर्शना डालावास सर्वसम्मति से बनी बाढड़ा पंचायत समिति की चेयरमैन
बाढड़ा पंचायत समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन पद का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव में गांव डालावास निवासी दर्शना को प्रधान और उपप्रधान पद पर सुमन देवी निवासी गांव भांडवा को सर्वसम्मति से चुना गया। बाढड़ा एसडीएम कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह की देखरेख में प्रधान व उपप्रधान के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।
एसडीएम ने बाढड़ा ब्लॉक पंचायत समिति के उपस्थित 18 सदस्यों से प्रधान व उपप्रधान पद की दावेदारी के बारे में पूछा। सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित चेयरमैन पद पर वार्ड 12 से गांव डालावास निवासी दर्शना ने दावेदारी प्रस्तुत की। जबकि वाइस चेयरमैन पद पर वार्ड 14 से गांव भांडवा निवासी सुमन देवी ने उम्मीदवारी जताई। प्रधान व उपप्रधान पद के लिए एक-एक दावेदारी ही प्राप्त हुई और सभी सदस्यों ने प्रधान व उपप्रधान पद के उम्मीदवारों पर सहमति जताई। इस दौरान पुलिस की कड़ी घेराबंदी रही और किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।