चंडीगढ़ में जिला परिषद् और पंचायत समिति के चुनाव की तिथि की घोषणा अगले सप्ताह हो सकती है। प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है। साथ ही चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों भी तैयारियां शुरू कर दी है। पंचायत समिति की 15 और जिला परिषद् के 10 सीटों पर चुनाव होना है। प्रशासन ने निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण कर दिया है। गांव में सर्वसम्मति बने इसके लिए बैठकों का दौर भी जारी है।
कभी भी चुनाव की तिथि घोषणा होने से पहले चुनाव लड़ने वाले या अपने परिवार को चुनावी मैदान में उतराने के पहले हर प्रकार की जांच कर रहे हैं। गांव में चुनावी सरगर्मी जोरों पर है। गांव धनास के सरपंच कुलजीत सिंह संधू का कहना है कि गांव में सर्वसम्मति की कोशिश की जा रही है। सर्वसम्मति के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। गांव दड़वा के सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी का कहना है कि चुनाव मैदान में उम्मीदवार कौन होगा अपने समर्थकों से पूरा राय लेकर ही निर्णय लेंगे।
दड़वा निवासी और पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह इस पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल उनकी पत्नी मंजीत कौर जिला परिषद् सदस्य हैं। बहलाना निवासी जिला परिषद् सदस्य दर्शन सिंह का कहना है कि गांव के लोग समझदार हैं। सर्वसम्मति की कोशिश होगी, ताकि गांव के लोगों की एकता कायम रहे। पिछले बार भी पंच के उप चुनाव में गांव में सर्वसम्मति के कारण चुनाव नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि बहलाना की दोनों जिला परिषद् और पंचायत समिति की सीट महिला के लिए आरक्षित हैं।
ये हैं निर्वाचन क्षेत्र
पंचायत समिति में रायपुर खुर्द, रायपुर कलां/मखनमाजरा, मौली जागरां-1, मौलीजागरां-2, दड़वा-1, दड़वा-2, किशनगढ़/भगवानपुरा-1, किशनगढ़/भगवानपुरा-2, कैंबवाला, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा जस्सू, लाहौरा, सारंगपुर, धनास और बहलाना निर्वाचन क्षेत्र तय किए गए हैं। इनमें मौलीजागरां-1 और 2, दड़वा-2 और बहलाना सीट को महिला के लिए रिजर्व किया गया है। वहीं, खुड्डा अलीशेर की सीट अनुसूचित महिला के लिए रिजर्व है।
कैंबवाला और सारंगपुर की सीट अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए रिजर्व होगी। वहीं, जिला परिषद के लिए 10 सीटेें तय की गई हैं, जिनमें धनास, सारंगपुर, खुड्डा लाहौरा, कैंबवाला, किशनगढ़, दड़वा, मौली जागरां, रायपुर कलां, रायपुर खुर्द और बहलाना शामिल हैं। इनमें बहलाणा और मौलीजागरां सीट महिलाओं के लिए रिजर्व है। जबकि कैंबवाला सीट अनुसूचित जाति और खुड्डा अलीशेर की सीट अनुसूचित जाति की महिला के लिए रिजर्व रखी गई है।