अंडर 21 क्रिकेट टूर्नामेंट में मैन ऑफ़ द मैच बने युवराज चौधरी
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। युवराज चौधरी के शतक और गेंदबाजी में दो विकेट लेने की बदौलत क्रिस्टल स्पोर्ट्स अकादमी चंडीगढ़ की टीम ने अंडर-21 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में जीत दर्ज की। मुकाबला आईवीसीए क्रिकेट अकादमी डेराबस्सी के क्रिकेट मैदान पर खेला गया। इस मुकाबले में क्रिस्टल स्पोर्ट्स अकादमी चंडीगढ़ ने क्रिकेट अकादमी पिंजौर की टीम को 91 रन से शिकस्त दी। युवराज चौधरी को मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार दिया गया।
पहले खेलते हुए क्रिस्टल स्पोर्ट्स अकादमी चंडीगढ़ ने निर्धारित 40 ओवर में 7 विकेट पर 306 रन बनाए। टीम से युवराज चौधरी ने शतक जमाते हुए 104 रन बनाए। इस पारी में 15 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अन्य बल्लेबाज अंशुल चौधरी ने बेेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया और 105 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में आदित्य ने 49 रन देकर 3 विकेट, आशीष कुमार ने 51 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट अकादमी पिंजौर की पूरी टीम 36 ओवर में कुल 215 रन के स्कोर पर सिमट गई। टीम से पीयूष सबसे अधिक 68 रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। अन्य बल्लेबाज बाली चौधरी ने 43 रन, अमित ने 41 रन और जतिन ने 22 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में युवराज चौधरी ने 19 रन देकर 2 विकेट, ऋतिक संधू ने 34 रन देकर 2 विकेट, मन्नत सुखेजा ने 47 रन देकर 2 विकेट चटकाए।