फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीयू: ग्लोबल एलुमनी मीट में मुख्य चुनाव आयुक्त बोले- कोशिश करते रहें, प्रयास कभी खाली नहीं जाता

Fri, 29 Nov 2019 12:59 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
मुख्य चुनाव आयुक्त - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है युवाओं को नौकरी मिलने में दिक्कतें आती हैं इसलिए वे स्टार्टअप शुरू करें ताकि खुद को स्थापित करने के बाद अन्य युवाओं या अगली पीढ़ी को नौकरी दे सकें। उन्होंने इनोवेशन पर जोर देते हुए कहा, स्टार्टअप राष्ट्र की जरूरत है। एक आइडिया जिंदगी बदल देता है इसलिए इनोवेशन की ओर जाएं और रोजगार दें।
विज्ञापन


मुख्य चुनाव आयुक्त पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित पहली वार्षिक ग्लोबल एलुमनी मीट में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। वीरवार को लॉ ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में उन्होंने कहा, यूनिवर्सिटी आना उनके लिए तीर्थ यात्रा के समान है। उन्होंने युवाओं को सफलता के मंत्र देते हुए आह्वान किया कि न थकें, न डरें, कोशिश करते रहें, उनके द्वारा किया गया प्रयास खाली नहीं जाएगा। धारा का मुख मोड़ने की इच्छा रखें। बोले- मंजिलें बहुत हैं, वह आप सभी का इंतजार कर रही हैं, बस कदम बढ़ाने की जरूरत है।

समाज के लिए कार्य करें, तभी देश आगे बढ़ेगा
पीयू के पुराने विद्यार्थी, जो मुकाम पर पहुंच गए हैं वह भी स्टार्टअप शुरू करें ताकि अपने जूनियर्स को वह नौकरी दे सकें। उन्होंने बीए की पढ़ाई के दौरान कही गई पंजाबी कविता की लाइनें पढ़ी और युवाओं को मनोबल बढ़ाया। कहा- राही तू रुकना नहीं..., इसके अलावा उन्होंने गुरु नानक देव जी व महात्मा गांधी के संदेश को सभी के समक्ष रखा। साथ ही सभी धर्मों में प्रयोग होने वाले औंकार का अर्थ भी सभी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सभी को समाज के लिए कार्य करना चाहिए। समाज के विकास से ही देश आगे बढ़ेगा।
विज्ञापन


हंसते हुए बोले- पीयू में तो मैं रिफ्यूजी की तरह रहा हूूं
उन्होंने कहा, पीयू के हॉस्टल नंबर- 1 में वह तीन माह रुके थे। उस दौरान वे आईएएस की तैयारी में जुटे थे। तीन दोस्त एक ही साथ रहे। हॉस्टल का ठंडा पानी व राजमा-चावल मैं आज तक नहीं भूला हूं। कहा, वह होशियारपुर केंद्र के स्टूडेंट रहे हैं। हंसते हुए बोले- पीयू में तो मैं रिफ्यूजी की तरह रहा हूं, लेकिन मेरे पूरे परिवार ने यहां से शिक्षा ग्रहण की है। स्टूडेंट सेंटर पर घूमना उन्हें अच्छा लगता था। साथ ही अंग्रेजी विभाग में भी वह आते जाते रहे हैं। उन्होंने आखिर में युवाओं के लिए शेर पढ़ा- परिंदे रुक मत तुझमें जान बाकी है, मंजिल दूर है, बहुत उड़ान बाकी है..., उन्होंने युवाओं से अपील की कि देश में परिवर्तन लाने का हिस्सा बनें।
विज्ञापन

पीयू को एलुमनी लगाएं पंख: वीसी

इस दौरान वीसी प्रो. राजकुमार ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा, पुराने छात्रों के साथ मजबूत संबंध कायम करने के लिए यह आयोजन किया गया। उम्मीद है भविष्य में भी पुराने विद्यार्थियों का साथ पीयू को ऊंचाइयों तक ले जाने में मिलता रहेगा। कौंसल जनरल कनाड़ा मिया येन ने लैंगिक समानता, गतिशील द्विपक्षीय संबंधों पर विचार रखे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी बात की। इसके बाद वीसी ने सबसे पहले पीयू के पुराने विद्यार्थी मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा को शॉल ओढ़ाकर व भेंट देकर सम्मानित किया।

उसके बाद डॉ. अरुण अरोड़ा को समाजसेवा के लिए, डॉ. बलराम गुप्ता को कानून के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर, केसरी आनंद अरोड़ा को प्रशासनिक सेवा के लिए, डॉ. मनीष चंद शर्मा को खोजपरक कार्य के लिए और डॉ. हरित नागपाल को कारपोरेट वर्ल्ड के लिए सम्मानित किया गया। यह सभी पीयू के पुराने विद्यार्थी रहे हैं। आखिर में डीन पूर्व छात्र संबंध प्रो. दीप्ति गुप्ता ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में 300 से अधिक एलुमनी पहुंचे थे।

हॉस्टल पत्रिका सृजन का विमोचन
पीयू के ब्वायज हॉस्टल नंबर तीन की पहली पत्रिका सृजन का विमोचन मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा, वीसी प्रो. राजकुमार ने किया। हॉस्टल वार्डन डॉ. संजीव गौतम ने पत्रिका की खूबियों को बताया। इस पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने खुशी जाहिर की और ऐसे ही कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। पत्रिका की पूरी टीम को बधाई दी।

हॉस्टल कमरे में पहुंचते ही जवां हो गए सीईओ
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा पीयू के ब्वॉयज हॉस्टल नंबर तीन के उस कमरे में पहुंचे जहां वह आईएएस की तैयारी के दौरान तीन माह दोस्तों के साथ शरण लिए हुए थे। कुछ भावुकता उनके चेहरे पर दिखी तो कुछ बातों में वह जवां दिखे। उन्होंने विद्यार्थियों से भी बात की और उसके बाद हॉस्टल के बाहर उस बैंच पर भी बैठे जब वह पढ़ाई के दौरान बैठते थे। उन्होंने उन दोस्तों से भी मुलाकात कि जिन्होंने उन्हें कैमरे में रखा था। उन्होंने यहां कॉमन रूम का भी उद्घाटन किया।

शाम को ब्रांड बिल्डिंग पर मंथन
इसी कार्यक्रम के अंतर्गत शाम को डॉ. संदीप गोयल ने हायर एजुकेशन के लिए ब्रांड बिल्डिंग पर विचार रखे। एक शिक्षण संस्थान की क्षवि कैसे बनती है और उसके लिए एलुमनी क्या मदद कर सकते हैं, इस पर विचार रखे। देश-दुनिया में चल रहे ब्रांड बिल्डिंग के कार्यों को भी बताया। इसके बाद सतगुरु नानक परगट्या कार्यक्रम हुआ। इस दौरान लाइट एंड साउंड शो हुआ। आसमान में लालटेन छोड़ी गई और उजाले का संदेश दिया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें