उप-प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें बढ़ाकर मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग के लोगों की खुशियां छीन ली हैं। भाजपा सरकार ने सस्ता राशन, कम कीमत पर तेल और गरीब आदमी को अच्छे दिन लाने का वादा कर सरकार में आई। लेकिन सभी वादे झूठे साबित हुए। अध्यक्ष लव कुमार ने कहा कि मोदी की इस झूठी सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ युवा कांग्रेस की ओर से आने वाले समय में भी प्रदर्शन जारी रहेंगे।
रिक्शा से कार खींचकर किया प्रदर्शन
इधर, एनएसयूआई सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर- 15 में प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि ईंधन के रेट बढ़ने से महंगाई तेजी से बढ़ रही है। आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। अर्थव्यवस्था की गिरावट पर भी कार्यकर्ताओं ने बात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रिक्शा से कार खींचकर प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई सोशल मीडिया के राष्ट्रीय चेयरमैन मनोज लुबाना के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेक्टर-15 पहुंचे। यहां प्रदर्शन की रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से पेट्रोल व डीजल के रेट लगातार बढ़ रहे हैं। परिवहन महंगा हो रहा है। सब्जियां आदि इनके जरिए आ रही हैं तो महंगी हो रही हैं।
राशन आदि भी महंगा हो रहा है। आम आदमी की जेब पर काफी प्रभाव पड़ रहा है। वर्तमान में कोरोना का प्रसार तेजी से हो रहा है। सरकार को इस समय लोगों को राहत देनी चाहिए थी लेकिन इस समय आम लोगों की महंगाई से कमर टूट रही है। इस पर केंद्र सरकार ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार फेल हो गई है। इस मौके पर मनप्रीत माहल, तरलोचन सिंह, राजकरन, अतिंदरजीत रोबी, सर्वोत्तम राणा, अंकित नैन, मोहित अरोरा मौजूद रहे।