चंडीगढ़। हिसार से चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित मामा के घर आए एक युवक ने खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान मूलरूप से हिसार के सतरोड खास निवासी उमेद (25) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि उमेद की चंडीगढ़ सीटीयू में नौकरी लगने वाली थी, इसी सिलसिले में वह चंडीगढ़ आया था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-20 स्थित मकान नंबर 1526 में एक युवक ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारकर जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में फतेहाबाद के गांव ढांड धूल निवासी उमेद के दोस्त रोहिताश ने बताया कि बीते शनिवार को उमेद सेक्टर-20 में रहने वाले अपने मामा के घर आया था। उसकी सीटीयू में नौकरी लगने वाली थी। सोमवार सुबह उमेद को कई बार फोन किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा तो अंदर से दरवाजा बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो उमेद ने फंदा लगा रखा था। वहीं, पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि उमेद के परिजनों को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान के बाद ही मामला साफ होगा। जांच में यह भी सामने आया कि उमेद मानसिक तौर पर परेशान रहता था।