मनीमाजरा। मौलीजागरां के विकास नगर में सोमवार देर रात 36 वर्षीय मनजीत सिंह ने अपने घर में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिला है। इसमें मनजीत ने अपनी पत्नी को लेकर आरोप लगाए हैं। मनजीत की बहन पूजा ने बताया कि मनजीत की शादी इसी साल 16 फरवरी को आरती से हुई थी। परिजनों के अनुसार, आरती मनजीत को काफी तंग कर रही थी। दो दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरती पंचकूला में अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। सोमवार रात मनजीत पत्नी से मिलने पंचकूला गया, जहां दोबारा विवाद हुआ। मंगलवार सुबह मनजीत अपनी मां को कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। मौली जागरां थाना प्रभारी मोहित सिंह ने बताया कि पुलिस सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच कर रही है।