चंडीगढ़। मेयर चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अपने पार्षदों का मन टटोलना शुरू कर चुके हैं। दो दिन पहले कुछ घटनाओं के बाद पार्टी पूरी तरह सतर्क हो गई है। खासकर तब जब दो पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे। अब आप हर पार्षद की गतिविधियों पर नजर रख रही है ताकि किसी तरह का और नुकसान न हो।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को आप के पार्षदों की बैठक आयोजित होगी। यह बैठक सेक्टर-27 या सेक्टर-39 में होगी और इसे आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया लेंगे। इसमें पार्टी अध्यक्ष विजय पाल सिंह और सभी 11 पार्षद शामिल होंगे।
बैठक में पार्षदों से फीडबैक लिया जाएगा और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। पार्टी इस दौरान यह भी तय करेगी कि अगला कदम क्या होगा। जानकारी के अनुसार कुछ नेताओं को पार्षदों की संख्या बढ़ाने का काम भी सौंपा गया है।
इस बीच आप और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी उम्मीदें बनी हुई हैं। दोनों पार्टियों के नेता फोन पर बातचीत कर चुके हैं और मामला फिलहाल शांत है।