चंडीगढ़। धनास में एक युवक पर चार बदमाशों ने तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय निवासी घायल पप्पू को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां उसके सिर पर तकरीबन 70 टांके लगे। सारंगपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
वारदात सोमवार रात की है। पप्पू अपने दोस्त सदानंद के साथ घर जा रहे थे। आरोप है कि इस दौरान कुछ स्थानीय युवक गुंडागर्दी कर रहे थे। इतने में एक युवक ने पप्पू से अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो चार युवकों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। किसी तरह पीड़ित युवकों के चंगुल से बचकर वह अपने घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बताया गया कि पप्पू के सिर पर करीब 70 टांके लगे हैं। वहीं, सारंगपुर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।