चंडीगढ़। औद्योगिक क्षेत्र में मोटरसाइकिल के नंबर प्लेट पर कपड़ा बांधकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक से छह मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बीते 21 जुलाई को पुलिस औद्योगिक क्षेत्र में नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच वहां से गुजर रहे युवक की बाइक के नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा देखकर पुलिस ने रोक लिया। जब उससे बाइक के कागज मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बाइक चोरी की है। इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पंकज उर्फ करण निवासी मौलीजागरां के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बता दें कि एसएसपी के निर्देश पर दड़वा पुलिस चौकी की टीम बीते सोमवार को वाहन चेकिंग के लिए औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान घाट के पास नाका लगा रखा था। युवक के पास से बरामद मोटर साइकिल के मामले में ई-एफआईआर नंबर 650 बीते 21 जुलाई को औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज है। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि चंडीगढ़ और पंचकूला में अलग-अलग जगहों से छह मोटरसाइकिल चोरी की है। वहीं, जीरकपुर और पंचकूला से चुराए पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए।