पंजाब के सुनाम में मंत्री अमन अरोड़ा के निवास स्थान से महज पचास गज दूरी पर तड़प रहे एक नौजवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर अकाली दल के नेता राजिंदर दीपा ने मौजूदा सरकार की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा किया है। नौजवान मेन सड़क के किनारे पर बैठ चिल्ला रहा था। उसकी चीख सुन आभास हो रहा था कि शायद वह दर्द या नशे की तलब से परेशान था। पुलिस के अनुसार वह नशा न मिलने पर तड़प रहा था।
वहीं अकाली नेता राजिंदर दीपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर कर नशा खत्म करने के सरकार के दावों पर सवाल उठाया। दीपा ने कहा कि युवक नशे की हालत में लग रहा था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने के एक महीने के भीतर नशा जड़ से खत्म करने का दावा किया था लेकिन पंजाब में तो नशे की लत बढ़ती जा रही है। उन्होंने सिटी पुलिस को सूचित किया है।
दूसरी तरफ एसएचओ दीपइंदरपाल सिंह जेजी ने कहा कि युवक नशे की हालत में नहीं था बल्कि नशा न मिलने के कारण तड़प रहा था। वह नशे का आदी है। नशे की लत के कारण युवक की पत्नी उसे छोड़ चुकी है। नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है।