चंडीगढ़। क्राइम ब्रांच ने चोरी की एक्टिवा लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीव उर्फ गोली निवासी सेक्टर-25 डी के रूप में हुई। आरोपी ने पूछताछ में चोरी की कई वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गया सामान भी बरामद किया है।
आस्था निवासी सेक्टर-40 बी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने अपनी एक्टिवा डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 के सामने खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो एक्टिवा नहीं थी। इस बारे में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बीते मंगलवार की शाम क्राइम ब्रांच के एएसआई बलबीर सिंह टीम के साथ सेक्टर-24 में गश्त कर रहे थे। वे सेक्टर-15/24 रोड के पास पहुंचे तो एक युवक एक्टिवा को पैदल खींचकर लाता दिखाई दिया। उन्होंने युवक को रोककर दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा पाया। पूछताछ में पता चला कि एक्टिवा चोरी की है। इसे डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 के सामने से चुराई थी। इसके अलावा चंडीगढ़ में अलग-अलग जगहों से कुछ कीमती सामान भी चुराया है। आरोपी की निशानदेही पर दो एलसीडी, पांच स्पीकर और एक आयरन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021, 2019 में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।