चंडीगढ़। सेक्टर-56 में मामूली विवाद को लेकर एक नाबालिग और एक अन्य युवक ने एक युवक पर डंडे और रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल संदीप सिंह उर्फ भोला को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सेक्टर 39 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर नाबालिग समेत सूरज उर्फ अमित को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात मंगलवार की है। पुलिस को दी शिकायत में संदीप उर्फ भोला ने बताया कि वह किसी काम से जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान मामूली विवाद को लेकर एक नाबालिग और एक अन्य युवक ने उस पर डंडों और रॉड से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।