चंडीगढ़। सेक्टर-53 स्थित सरकारी मॉडल हाईस्कूल के पास सैर कर रही युवती से एक युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गया। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-61 चौकी प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि पीड़िता साक्षी मोहाली के सेक्टर-70 में रहती है। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह सैर करने के लिए घर से निकली थी। सैर करती हुई वह मोहाली से चंडीगढ़ सेक्टर-53 स्थित सरकारी मॉडल हाईस्कूल के पास पहुंच गई। इसी बीच एक युवक आया और उसके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गया। मोबाइल के कवर में आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी था। इसके बाद पीड़िता ने एक राहगीर की मदद से वारदात की सूचना पुलिस को दी। युवती ने बताया कि आरोपी युवक पैदल ही था। सूचना मिलने के बाद सेक्टर-61 चौकी प्रभारी नवीन कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।