-टेंडर खत्म होने के बाद एसआईएएम को सौंपा काम, लोगों को नहीं होगी परेशानी
-अब तक 64,24,336 वाहनों पर लगाई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सरकार ने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की है। अब तक राज्य के कुल 64,24,336 वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाई जा चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में पंजीकृत वाहनों पर नंबर प्लेट लगाने का कार्य एमएस एग्रोस इम्पैक्श इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जा रहा था जिसका टेंडर 8 जनवरी 2026 को समाप्त हो गया है। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने पहल करते हुए उसी ऑनलाइन प्रक्रिया को जारी रखते हुए यह कार्य सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (एसआईएएम) को सौंप दिया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अब वाहन मालिक अपने वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट लगवाने के लिए एसआईएएम/उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट पोर्टल (www.siam.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन है और वाहन मालिक घर बैठे ही इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस पहल से वाहन मालिकों की परेशानी कम होगी और उन्हें आरटीओ कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी निजात मिलेगी। आम लोगों को उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट लगवाने के लिए किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिए के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी।