चंडीगढ़। निखिल और पारस के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ ने सेंट सोल्जर क्रिकेट अकादमी को 6 विकेट से हराया। वनडे क्रिकेट कप का यह मुकाबला डेराबस्सी के क्रिकेट मैदान पर खेला गया।
मैच में पहले खेलते हुए सेंट सोल्जर क्रिकेट अकादमी की शुरुआत खराब रही। टीम के बल्लेबाज विरोधी टीम के गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के आगे अधिक देर तक टिक नहीं पाए। पूरी टीम 30.1 ओवर में कुल 96 रन पर सिमट गई। सक्षम गुप्ता ने सबसे अधिक 26 रन बनाए। शिवांग आहूजा ने 23 रन व निपुण शारदा ने 11 रन बनाए। गेंदबाजी में वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ से इवराज ने तीन रन देकर दो, पारस ने 15 रन देकर दो, दिव्यांश ने 10 रन देकर एक, अंश खोसला ने 16 रन देकर एक, सुक्रांत ने 6 रन देकर एक, निखिल शर्मा ने 16 रन देकर एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईजेआर क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ की टीम ने 16.2 ओवर में कुल 4 विकेट पर 100 रन बनाकर मैच को जीत लिया। निखिल शर्मा और पारस ने 44 और 28 रन की नाबाद पारियां खेलीं। अन्य बल्लेबाज अमन ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में सेंट सोल्जर क्रिकेट अकादमी से सक्षम गुप्ता ने 17 रन देकर तीन और मुकुल नेगी ने 23 रन देकर एक विकेट चटकाया। निखिल शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।