फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2025: मशक्कत से हुआ संगठन विस्तार और सीएलपी लीडर का चयन... इस साल कांग्रेस में खत्म हुई गुटबाजी

Wed, 31 Dec 2025 02:21 PM IST
शाहरुख खान कुलदीप शुक्ला, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

हरियाणा कांग्रेस में मशक्कत से संगठन विस्तार और सीएलपी लीडर का चयन हुआ। गुटबाजी भी खत्म हो गई। हरियाणा कांग्रेस के लिए साल 2025 संगठनात्मक बदलावों और अंदरूनी संघर्षों से भरा रहा।
विज्ञापन
haryana congress - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा कांग्रेस के लिए साल 2025 सियासी हलचलों, संगठनात्मक बदलावों और अंदरूनी संघर्षों से भरा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता करीब 11 साल बाद प्रदेश में संगठन विस्तार और अनुशासनात्मक कमेटी के गठन को बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। 
विज्ञापन


इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी खुद चंडीगढ़ पहुंचे थे। इसके बाद उनके निर्देशों पर ही उनकी दिल्ली की टीम ने संगठन विस्तार को अंतिम रूप दिया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह कदम 2026 की राजनीति के लिए मजबूत नींव साबित होगा।

इसी साल हरियाणा कांग्रेस को नया प्रदेशाध्यक्ष भी मिला। राव नरेंद्र को कमान सौंपी गई लेकिन इस फैसले के सार्वजनिक होते ही पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अजय यादव की नाराजगी खुलकर सामने आई क्योंकि उनके बेटे चिरंजीव भी इस दौड़ में शामिल थे। इसके बावजूद पार्टी ने संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की।
विज्ञापन


विधानसभा चुनाव 2024 में हार के करीब एक साल बाद कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष भी मिला है। इस एक साल में हरियाणा विधानसभा के तीन सत्र निकले। नेता प्रतिपक्ष के न चुने जाने के कारण इनमें सत्ता पक्ष की ओर से कांग्रेस विधायकों को खूब तंज भी सुनने पड़े थे। 
 

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने शीतकालीन सत्र में पहली बार संगठित रूप से सदन में अपनी भूमिका निभाई। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
 

साल 2025 में कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर भी आक्रामक अभियान चलाया हुआ है। जिलावार कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान और जनसंपर्क के जरिए पार्टी ने माहौल बनाने की कोशिश की। इस अभियान में सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों को लक्ष्य सौंपे गए। हालांकि, सालभर पार्टी को गुटबाजी और अनुशासनहीनता से भी जूझना पड़ा। 
 

कभी पोस्टरों से भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तस्वीर गायब मिली तो कभी सांसद कुमारी सैलजा की। इन विवादों के बाद प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र को पोस्टर प्रोटोकॉल जारी करना पड़ा। इसमें नेताओं की तस्वीरों का क्रम तक तय किया गया। 

राहुल गांधी ने चंडीगढ़ में वरिष्ठ नेताओं की बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी कि गुटबाजी बर्दाश्त नहीं होगी। बावजूद इसके अंदरूनी खींचतान पूरी तरह से खत्म नहीं हो सकी। कुल मिलाकर 2025 हरियाणा कांग्रेस के लिए संगठन खड़ा करने, नेतृत्व तय करने और दिशा खोजने का साल रहा। 
 

संगठन विस्तार, प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को पार्टी बड़ी उपलब्धि मान रही है लेकिन 2026 की राजनीतिक चुनौतियों से पहले गुटबाजी पर काबू पाना अब भी कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी परीक्षा बनी हुई है।
 

राज्य को जोड़ने निकले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह्र, विवाद भी गहराया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने प्रदेशव्यापी सद्भाव यात्रा शुरू की है। प्रदेश के 90 विधानसभा में 2600-2800 किलोमीटर की यात्रा के दौरान पूर्व सांसद भाजपा द्वारा भाईचारे को तोड़ने के व्यवहार को जन जन तक पहुंचाने व कांग्रेस की विचारधारा बताने निकले हैं। हालांकि, पहले ही दिन कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, प्रभारी व वरिष्ठ नेताओं के द्वारा बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा बताकर विवाद खड़ा कर दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बिरेंदर सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह आईएएस अफसर भी रह चुके हैं।
 

संगठन मजबूत करने के साथ जनता के हित में कदम उठाएंगे : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हाईकमान के निर्देशानुसार पार्टी में संगठन विस्तार, अनुशासनात्मक कमेटी गठन, वोट चोरी के खिलाफ महाभियान सहित कई पहलुओं पर मजबूती के साथ काम किया गया है। प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से जनता के अहित में उठाए फैसलों पर कांग्रेस ने मजबूती से विरोध जताया है। आगे भी पार्टी संगठन को और मजबूत करने के साथ जनता के हित में अनेक कदम उठाए जाएंगे।
 
विज्ञापन

वर्ष 2026 में जनता की आवाज बनकर उभरेगी कांग्रेस : राव नरेंद्र 
प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि 2025 में हाईकमान के मार्गदर्शन में पार्टी में कई सकारात्मक कदम उठाए गए। हरियाणा वासियों के हित के मुद्दों को प्रमुखता के साथ सड़क से लेकर सदन तक उठाया है। 2026 में सरकार को बेनकाब करने के साथ लोगों के हित में कई कार्य कराने की योजना तैयारी की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें