फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2025: भाजपा की जीत का सफर जारी... शैडो MLA बनाए, चेयरमैनी का इंतजार; पद बचाने में कामयाब रहे बड़ौली

Wed, 31 Dec 2025 02:21 PM IST
शाहरुख खान आशीष वर्मा, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

साल 2025 में भाजपा की जीत का सफर जारी है। मुख्यमंत्री के तौर पर सीएम ने संगठन में मजबूत पकड़ बनाई है। कई अटकलों के बावजूद मोहन लाल बड़ौली पद बचाने में कामयाब रहे। 
विज्ञापन
nayab singh saini - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी के लिए 2025 उपलब्धियों से भरा रहा। साल की शुरुआत में नगर निगम चुनाव में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन कर बाजी मारी। संगठन में रिकॉर्ड नियुक्तियां कर प्रदेश में सबसे बड़े संगठन का तमगा हासिल किया। 
विज्ञापन


साल भर संगठन के कार्यक्रम चलते रहे, जिससे विधायक से लेकर आखिरी पंक्ति का कार्यकर्ता भी सक्रिय रहा। जिन विधानसभा सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार नहीं जीते वहां शेडो विधायकों की नियुक्ति कर जनता के बीच पार्टी की उपस्थिति भी दर्ज कराई।

मन की बात से लेकर पार्टी के हर कार्यक्रम में नेता के तौर पर सक्रिय रह कर मुख्यमंत्री नायब सिंह ने संगठन में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। वे हर महीने संगठन के साथ बैठक कर सरकार के कामकाज का फीडबैक भी ले रहे हैं। पार्टी के हर कार्यक्रम में वे बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ रहा है। 
विज्ञापन

2024 के विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने 2025 की शुरुआत में दस में से नौ नगर निगमों पर कब्जा कर अपनी जीत का सफर जारी रखा। दमदार संगठन व मजबूत नीतियों की वजह से पार्टी ने पांच नगर निगमों में भारी मतों से जीत हासिल की। 
 

इस जीत ने यह भी बता दिया कि शहरी इलाकों में भाजपा का दबदबा कायम है। उधर, नए भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर साल भर कश्मकश चलती रही। कई अटकलों के बावजूद मोहन लाल बड़ौली पद बचाने में कामयाब रहे।

भविष्य पर नजर, 27 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए 
नगर निगम चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने संगठन को मजबूत किया। पार्टी ने संगठन का विस्तार करते हुए 27 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए। यह नया प्रयोग पार्टी की भविष्य की रणनीति दिखाता है। दरअसल पार्टी ने उन जिलों में दो अध्यक्ष नियुक्त किए जो संगठन के हिसाब से बड़े हैं ताकि कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा लोगों से मिल सकें।

पार्टी ने जो 5 नए जिले बनाए हैं उनमें हांसी शामिल है। इसे हिसार से अलग किया गया है। सोनीपत से अलग गोहाना, सिरसा से अलग डबवाली, फरीदाबाद से अलग बल्लभगढ़, गुरुग्राम से अलग पटौदी में अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में सभी जातियों का ख्याल रखा गया है। 

हारी 42 विस सीटों पर प्रभारी लगाए
भाजपा की नजर अब 2029 के विधानसभा चुनाव पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने हारी हुई 42 विधानसभा सीटों के लिए बड़ी रणनीति तैयार की। इन सीटों के लिए पार्टी ने मंत्रियों व विधायकों को प्रभारी बनाकर शैडो विधायक के तौर पर जिम्मेदारी दी है।

इन विधानसभा क्षेत्रों में जितने भी काम होंगे उसकी देखरेख अब यही प्रभारी करेंगे। इसके अलावा हलके में संगठन का काम भी इनके जिम्मे रहेगा। हालांकि पार्टी के इस कदम का विरोध भी हुआ। कांग्रेस ने इसे अलोकतांत्रिक कदम बताया। 

एसआईआर के लिए दी ट्रेनिंग 
हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अगले चरण में होना है। इसके लिए भाजपा ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 90 विधानसभा क्षेत्रों में 90 बीएलओ नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी की ओर से इन बीएलओ को ट्रेनिंग भी दे दी गई है। पार्टी एसआईआर को गंभीरता से लिया है। अब पार्टी बीएलओ -2 की नियुक्ति कर रही है जो हर बूथ पर तैनात होंगे। मुख्यमंत्री कई बैठकों में कार्यकर्ताओं से कह चुके हैं कि वे एसआईआर की तैयारी करें। 
 

कार्यकर्ताओं को नहीं मिला मेहनत का प्रतिफल : पूरा साल निकल गया और कार्यकर्ता चेयरमैनी का इंतजार करते रह गए। तीन-तीन चुनावों में पार्टी के लिए दिन-रात एक करने वाले कार्यकर्ताओं व विधानसभा चुनाव में त्याग करने वाले ईमानदार कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि इस साल उन्हें गाड़ी व कोठी मिलेगी मगर उन्हें निराशा मिली।
विज्ञापन

पार्टी की ओर से कई मौकों पर कहा गया कि सूची तैयार है। कभी भी घोषणा हो सकती है मगर ये दावे कोरे ही साबित हुए। हालांकि मार्केट कमेटी व जिला कष्ट निवारण समिति में कई कार्यकर्ताओं को मौका दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें