नेशनल वुशु खिलाड़ी के यौन शोषण मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया। अब केस में एसोसिएशन के सचिव और कोच पर आरोप लगे हैं। वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव और वुशु संघ हरियाणा के पूर्व सचिव व आरोपी कोच ने पीड़िता को एमडीयू कैंपस में बुलाकर केस वापस लेने की धमकी दी है।
केस वापस नहीं लेने पर करियर बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर पीजीआई थाने में एसोसिएशन के सचिव और आरोपी कोच के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में लाखनमाजरा के एक गांव निवासी पीड़िता ने बताया कि उसने वर्ष 2015 में आरोपी कोच व वुशु संघ के सचिव जींद के जुलाना निवासी राजेश कुमार के खिलाफ महिला थाने में यौन उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया था। इस मामले में आरोपी राजेश को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
फिर उसके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया गया था। मामला सुर्खियों में आने के बाद राजेश को कोच व सचिव पद से सस्पेंड कर दिया गया था। आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर है। यह मामला फिलहाल अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोनिका गोयल की कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में पीड़िता कोर्ट में आरोपी कोच के खिलाफ गवाही भी दे चुकी है।