मनीमाजरा। क्षेत्र की सड़कों, चौराहों और फुटपाथ पर अवैध रेहड़ी फड़ी वाले अपना कब्जा जमाकर कारोबार चला रहे हैं। इससे एरिया में कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इन अवैध रेहड़ी फड़ी वालों को हटाने के लिए समाजसेवी रामेश्वर गिरी ने प्रशासन के एडवाइजर और नगर निगम के कमिश्नर केके यादव को पत्र लिखा।
उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व वेंडर जोन में रेहड़ी फड़ी लगाने का काम शुरू कर दिया गया था। इसके बावजूद भी क्षेत्र की मुख्य सड़कों चौराहों और फुटपाथ पर अवैध रेहड़ी फड़ी वाले अपना कब्जा जमाकर अवैध कारोबार चला रहे हैं। इससे संक्रमण में बढ़ोत्तरी हो सकती है।
उन्होंने सवाल उठाया है कि जब प्रशासन और नगर निगम ने वेंडर जोन बनाकर लोगों को बाकायदा वहां बैठकर अपनी दुकानदारी चलाने की अनुमति दे रखी है, तो फिर ये लोग सड़कों, फुटपाथ और पार्किंग स्थल आदि में अवैध रूप से क्यों बैठते हैं।
उन्होंने कहा कि ये रेहड़ी फड़ी वाले सरकार की ओर जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करते हैं। इनके पास न तो सैनिटाइजर होता है और न ही ये कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करते हैं। इससे महामारी और फैल सकती है।
इंफोर्समेंट विंग के इंचार्ज सुनील दत्त का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान दो से तीन रेहड़ी फड़ी वालों को कुछ जगहों पर बैठने की अनुमति दी गई थी, जो कि आने वाली 31 अगस्त को खत्म हो जाएगी। हालांकि उनकी आड़ में अगर और लोग भी अवैध रेहड़ी फड़ी जमाकर बैठे हैं तो वह खुद मनीमाजरा में जाकर कल से ही ऐसे लोगों को हटाने के लिए अभियान शुरू करेंगे।