हरियाणा के एक कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री में टकराव बढ़ गया। ये इस कदर बढ़ा कि मंत्री अनिल विज ने चेतावनी तक दे डाली। दरअसल अंबाला में खेल मंत्री अनिल विज और सांसद रतनलाल कटारिया खेमे में खींचतान बंद होने का नाम ही नहीं ले रही है।
अब तो दोनों खेमों के कार्यकर्ताओं में भी तलवारें खिंच चुकी हैं। इसी का नतीजा रहा कि शुक्रवार को विज ने सांसद कटारिया के सिपहसालार और सूबे में खान राज्य मंत्री और नारायणगढ़ विधायक नायब सैनी को नसीहत दे दी कि वे अपने हलके तक ही सीमित रहें और वहीं विकास कार्य करवाएं। विज ने कहा कि वे इस मसले पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और सीएम मनोहर लाल खट्टर से भी बात करेंगे।
दरअसल, नायब सैनी नारायणगढ़ हलके के विधायक, राज्यमंत्री के साथ-साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष भी हैं। इस लिहाज से जिले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में आयोजक उन्हें आमंत्रित करते हैं। स्थिति यह होती जा रही है कि अंबाला कैंट में जब राज्यमंत्री नायब सैनी पार्टी के या अन्य किसी कार्यक्रम में आते हैं, तो वहां अंबाला कैंट के ही भाजपा विधायक एवं मंत्री अनिल विज को न तो बुलावा होता है और न ही उनकी वहां हाजिरी होती है। अधिकतर कार्यक्रमों में सांसद रतनलाल कटारिया जरूर होते हैं।