ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में चल रहे दूसरी विश्व कबड्डी लीग के आठवें दिन रविवार को तीन मैच खेले गए। पहला मैच रॉयल किंग्स यूएसए और कैलिफोर्निया ईगल्स में खेला गया। दोनों टीमों में खेला गया मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा। आखिर में रॉयल किंग्स यूएसए के धुरंधर खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कैलिफोर्निया ईगल्स को 54-45 से मात दी।
रविवार को स्टेडियम में लीग का दूसरा मैच यूनाइटेड सिंह और मिलवॉकी वुल्वस में खेला गया। यूनाइटेड सिंह ने मिलवॉकी वुल्वस को 56-44 से पराजित किया। तीसरा मैच खालसा वारियस और पंजाब टाइगर में खेला जा रहा था। इस अवसर पर वर्ल्ड कबड्डी लीग के कमिश्नर कमलजीत सिंह हेयर, पीसीएस इकबाल सिंह संधू, सरबजीत सिंह हेयर, कुलविंदर सिंह हेयर, रणजीत सिंह टूट मौजूद थे।
वर्ल्ड कबड्डी लीग के मैच अब 12 से 16 अक्तूबर तक बठिंडा के हॉकी स्टेडियम में होंगे, जबकि सेमिफाइनल और फाइनल मैच मोहाली के हॉकी स्टेडियम में करवाए जाएंगे।