किरपानधारी सिख क्रिकेट वर्ल्डकप के तहत होने वाले मैच स्टेडियम में नहीं देख सकते। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के नियमानुसार, इन सिखों को स्टेडियम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।
इसी के चलते न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क में शनिवार को भारत-जिम्बाब्वे मैच देखने पहुंचे सात सिखों को एंट्री नहीं दी गई। टिकट होने के बावजूद इन सिखों को स्टेडियम में मैच देखने से इसलिए वंचित रखा गया क्योंकि वह धार्मिक चिन्ह किरपान पहने हुए थे।
आईसीसी अधिकारियों के मुताबिक, किरपान एक शस्त्र है और स्टेडियम में शस्त्र ले जाना मना है। उन्होंने कहा कि शनिवार के मैच में सिख क्रिकेट प्रेमियों को किरपान जमा कराने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने इसे खुद से अलग करने से इनकार कर दिया। न्यूजीलैंड हेराल्ड अखबार के अनुसार, देश के प्रधानमंत्री जॉन की ने अधिकारियों के रवैये पर अफसोस जताते हुए आईसीसी के निर्णय को अनुचित बताया है।
जॉन ने सिख संगठनों के पदाधिकारियों से मिलकर फैसले की निंदा की लेकिन साथ ही कहा कि ये नियम आईसीसी के हैं और वह इनमें हस्तक्षेप नहीं कर सकते। सुप्रीम सिख काउंसिल के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने बताया कि आईसीसी के इस फैसले से सिखों में नाराजगी है और वे कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।