पटियाला में अब दिन का कर्फ्यू खत्म करने के बाद करीब 55 फीसदी औद्योगिक इकाइयों ने कामकाज शुरू कर दिया है। यह औद्योगिक इकाइयां फिलहाल 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ ही अपना काम जारी रखे हैं लेकिन उद्योगपतियों का कहना है कि जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी, सारी इंडस्ट्री अपना उत्पादन भी बढ़ा देगी।
डीसी कुमार अमित ने अब केवल देर शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक का कर्फ्यू लागू किया हुआ है। दिन में छूट मिलने से हालात आम दिनों की तरह हो रहे हैं। डीसी ने बताया कि जिले में छोटे, बड़े और बिल्कुल छोटे मिलाकर 14000 औद्योगिक इकाई हैं, जिनमें 5600 के करीब इकाइयों ने अपना काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों समेत औद्योगिक फोकल प्वाइंट पटियाला, राजपुरा और इंडस्ट्री एस्टेट पटियाला में स्थित करीब 55 फीसदी औद्योगिक इकाइयों में काम चालू होने के बाद 46100 कर्मचारी काम पर लौट आए हैं।