जीरकपुर। बलटाना क्षेत्र से निकलती सुखना चो पर पुल बनाने का काम 20 दिन से बंद पड़ा है। निर्माण करने वाली कंपनी को पॉवर कॉम विभाग की एनओसी नही मिली है। समस्या यह है कि जब तक इस रास्ते से बिजली के खंभे नहीं हटाए जाते तब तक काम शुरू नहीं किया जा सकता। रास्ता लोगों के लिए खोल दिया गया है लेकिन निर्माण के लिए यहां खोदाई की गई थी, इस कारण हर तरफ धूल-मिट्टी उड़ रही है। इस कारण लोगों को आने-जाने में मुश्किलें हो रही हैं। धूल के कारण दो पहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा समस्या आ रही है।
बलटाना निवासी नाजर खान, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, सोनू सिंह, जसबीर खान, सतनाम सिंह, हरदीप सिंह व अन्य ने बताया के यह तो लोगों के लिए परेशानी है। विभाग को काम शुरू करने से पहले सभी परमिशन लेनी चाहिए थी। अब काम रुकने के कारण परेशानी तो लोगों को हो रही है। लोगों का कहना है कि दो माह से काम के कारण रास्ता बंद था। लोगों को घूमकर आना पड़ रहा था। लोगों को उम्मीद थी कि काम जल्द खत्म हो जाएगा तो लोगों को राहत मिल जाएगी। अब परमिशन आने में जितना समय लगेगा उतना काम लेट हो जाएगा। 5.92 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण करने वाले कंपनी ने इस काम को पूरा करने के लिए एक साल का समय लिया है। अगर यही हालात रहे तो इससे ज्यादा समय लग सकता है।
ड्रेन विभाग से एनओसी हमें कुछ दिन पहले ही मिल गई थी। बिजली विभाग की एनओसी अभी हमें नहीं मिली है। इस कारण यह काम कुछ दिनों से बंद पड़ा है। बिजली विभाग ने यहां से खंभे शिफ्ट करने थे, जो अभी तक नहीं हुए है। इस बारे में हमने लिखकर बिजली विभाग को भेज दिया है। उम्मीद है कि जल्द एनओसी मिल जाएगी। बिजली के खंबे शिफ्ट न होने के कारण खोदाई का काम पेंडिंग पड़ा है। - जसपाल सिंह, एसडीओ बिजली विभाग जीरकपुर
हमारे पास चिट्ठी तो आई हुई है। यह टैक-2 विभाग के अंडर आता है। टैक-2 के एसडीओ छुट्टी पर हैं, वे ही डिटेल बता सकते हैं। -राकेश भाटिया, एसडीओ, बिजली विभाग जीरकपुर