पीसीए में शुक्रवार को हुए महिला टी-20 मैच के दौरान अधिकतर सीटें खाली रहीं।
- फोटो : Amar Ujala
महिला टी-20 वर्ल्ड कप में क्रिकेट प्रशंसकों की कमी साफ दिखाई दी। मोहाली में शुक्रवार को महिला टी-20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला खेला गया। यह मैच न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच हुआ। पहले मुकाबले में दर्शक नदारद दिखे।
लगभग 27 हजार की क्षमता वाले इस स्टेडियम में नाममात्र के क्रिकेट प्रेमी दिखे। स्टेडियम में अधिकतर स्टैंड खाली रहे। वहीं धर्मशाला में पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप के तहत आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुकाबले के दौरान स्टेडियम दर्शकों से भरा रहा।
मैच का नहीं हुआ सीधा प्रसारण
आईसीसी और बीसीसीआई के अधिकारी महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की बात करते हैं। लेकिन पीसीए स्टेडियम मोहाली में खेले गए न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच मुकाबले का सीधा प्रसारण नहीं दिखाया गया। जबकि महिला क्रिकेट खिलाड़ियों की इच्छा थी कि यह बड़ा टूर्नामेंट है। इसका प्रसारण टीवी चैनलों पर किया जाना चाहिए था।
गैबी ने बनाया नया मुकाम
शुक्रवार को पीसीए स्टेडियम में न्यूजीलैंड व आयरलैंड के बीच हुए मुकाबले में आयरलैंड को हार का सामना करना पड़ा। वहीं आयरलैंड की 16 वर्षीय खिलाड़ी गैबी लुईस वर्ल्ड कप खेलने वाली सबसे कम उम्र की लड़की थी।
बजते रहे गाने
न्यूजीलैंड व आयरलैंड के बीच मुकाबले के दौरान दर्शकों की कमी के बीच खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए आयोजक गाने बजाते रहे। जबकि इन खिलाड़ियाें की हौसला आफजाई के लिए दर्शकों के शोर की जरूरत थी। जब भी कोई खिलाड़ी चौके लगाती तो उनकी टीम के खिलाड़ी और सदस्य ही उनका हौसला बढ़ाते देखे गए।