चंडीगढ़ प्लाजा में मोहाली के लर्निंग पाथ्स स्कूल के थिएटर ग्रुप स्पॉटलाइट के स्टूडेंट्स ने शुक्रवार को ‘यह क्यूं होता है’ नुक्कड़ नाटक पेश किया। नाटक में महिलाओं के लिए समान नागरिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों की स्थापना और बचाव का संदेश दिया गया। नाटक का निर्देशन नेशनल थिएटर आर्टिस्ट सिद्धार्थ कौशल ने किया।
नुक्कड़ नाटक को दो अलग अलग पर एक समान दृश्यों के साथ मंचित किया गया। पहले हिस्से में एक छोटी लड़की को दिखाया गया जो कि एक शैतान की चंगुल में फंस जाती है और उसकी मां सुरक्षा के लिए उस शैतान से लड़ाई लड़ती है। नाटक में उन युवाओं को भी दिखाया गया जो लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं और अपने आप को बहादुर समझते हैं।
नाटक में उन लोगों पर भी व्यंग्य कसा गया जो चुपचाप वहां खड़े होकर तमाशा देखते रहते हैं। 40 मिनट की अवधि वाले इस नुक्कड़ नाटक को 10 से 12 साल के स्टूडेंट्स ने खेला। रयान और गुरजा ने वहां मौजूद लोगों की काफी तालियां बटोरी। सिद्धार्थ कौशल राष्ट्रीय स्तर के थिएटर कलाकार हैं।वह पिछले 8 सालों से थिएटर कर रहे हैं। वह पूरे देश में अपने अभिनय का प्रदर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने साउथ इंडियन एसोसिएशन फॉर रीजनल कोऑपरेशन (सार्क) कल्चरल फोरम में भारत का प्रतिनिधित्व किया। नुक्कड़ नाटकों पर बात करते हुए बताया कि नुक्कड़ नाटक सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से आवाज देने में सफल रहते हैं और ये आम लोगों पर काफी अच्छा प्रभाव डालते हैं।