चंडीगढ़। सेक्टर-8ए में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सेक्टर-32 में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। नयागांव के जनता कालोनी निवासी राजू ने सेक्टर-3 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी सियापति के साथ बाइक पर सवार होकर मक्खनमाजरा जा रहा था। जब वह सेक्टर-8ए के पास पहुंचा तो वहां एक कोठी से तेज स्पीड में कार बाहर आई। कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक दूर जा गिरी और राजू व सियापति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने सियापति को गंभीर हालत में जीएमएसएच-32 रेफर दिया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजू ने आरोप लगाया कि कार चालक की लापरवाही के कारण वह हादसा हुआ। पुलिस ने उसकी शिकायत पर सेक्टर-27ए निवासी प्रेमचंद को गिरफ्तार कर लिया।