चंडीगढ़ के सेक्टर-7 के मकान में घुसकर एक व्यक्ति ने महिला पर गोली चला दी। गोली महिला के सिर को छूते हुए निकली, जिससे वह लहूलुहान हो गई। लोगों ने उसे पीजीआई पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वारदात रात करीब सवा एक बजे उस समय हुई जब महिला मकान की पहली मंजिल पर अकेली थी।
आरोपी महिला का जानकार बताया जा रहा है। वह महिला का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने दांत से उसकी अंगुलियां काट दीं और उस पर गोली चलाकर फरार हो गया। लहूलुहान महिला चीखती हुई ग्राउंड फ्लोर पर पहुंची और एयरफोर्स में तैनात अपने पड़ोसी को घटना की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: बेरहमी: पैसों के लिए की मां की हत्या, हड्डियां तोड़कर सूटकेस में भरा, हरियाणा से 900 KM दूर प्रयागराज में काबू
आसपास के लोग महिला को तुरंत पीजीआई ले गए। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने महिला के पति का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, छेड़छाड़, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
बच्चों के साथ दिल्ली में रहता है पति
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहते हैं और सरकारी नौकरी करते हैं। पत्नी चंडीगढ़ सेक्टर-9 में उसी विभाग में कार्यरत है। नौकरी के चलते पत्नी बीते करीब तीन साल से यहां अकेले रह रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपी दिनेश उनकी पत्नी के साथ उसी के ऑफिस में काम करता है। वह पहले उनका पड़ोसी भी था। आरोपी उनकी पत्नी को लगातार परेशान कर रहा था, जिसके बारे में पत्नी ने उन्हें बताया था।
घर में लगा दिया था खुफिया कैमरा
आरोप है कि आरोपी ने उनके घर में एक खुफिया कैमरा लगा रखा था, जिसका फायदा उठाकर उसमें रिकार्ड कुछ वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह उनकी पत्नी को लगातार परेशान कर रहा था और लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। गुरुवार देर रात भी आरोपी उनके घर पहुंचा और पत्नी के अकेले होने का फायदा उठाकर जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर पहले पत्नी की अंगुलियों को दांत से काटा फिर फायरिंग कर फरार हो गया।
शुक्रवार दिन में मिली पुलिस को सूचना
गुरुवार देर रात हुई वारदात की सूचना पुलिस को शुक्रवार दोपहर मिली। सेक्टर-26 थाने के अतिरिक्त एसएचओ जसपाल सिंह भुल्लर ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर सीएफएसएल की टीम से जांच कराई। सीएफएसएल टीम ने वारदात स्थल से सैंपल लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
पीड़िता का मोबाइल फोन भी साथ ले गया आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देकर फरार होने के दौरान आरोपी पीड़िता महिला का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने आरोपी और पीड़िता दोनों के मोबाइल पर कॉल कर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन दोनों के मोबाइल लगातार बंद आ रहे हैं।