चंडीगढ़। सेक्टर-46/बी स्थित मकान में महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी जसवीर कौर (39) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सेक्टर-34 थाना पुलिस सीआरपीसी-174 के तहत मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना वीरवार दोपहर करीब 2.15 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 46/बी स्थित मकान नंबर (1029) में एक महिला ने फंदा लगाने की कोशिश की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला का नाम जसवीर कौर है और वह पिछले काफी समय से मानसिक तौर पर परेशान थी। जसवीर के दो बेटे और एक बेटी है। वीरवार को जब घर ने कोई नहीं था तो जसवीर ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस अब मृतका के परिजनों का बयान दर्ज करने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोरोना जांच की रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।